मजदूर दिवस पर घंटाघर देहरादून में कांग्रेस ने किया ‘श्रमिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित
: मुख्य अतिथि एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया सम्मानित
धस्माना बोले: कांग्रेस सरकार बनने पर नहीं टूटेगी किसी गरीब की झोपड़ी
:- भाजपा पर मजदूर विरोधी नीतियों का लगाया आरोप
देहरादून, 1 मई: अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर राजधानी देहरादून के घंटाघर में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ द्वारा “श्रमिक सम्मान कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने महिला श्रमिकों को सूट भेंट किए और पुरुष श्रमिकों को गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर श्रमिकों को संबोधित करते हुए धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब भी सत्ता में रही है, उसने हमेशा गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और स्थानीय निकायों में महिला आरक्षण को इसके उदाहरण बताए।
धस्माना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियां गरीब और मजदूर विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और गरीबों से उनकी छत छीनी जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सबसे ज्यादा परेशानी मजदूर वर्ग को उठानी पड़ी, जब उन्हें हजारों किलोमीटर पैदल अपने घर लौटना पड़ा।
उन्होंने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत का सबसे ज्यादा असर भी मजदूर वर्ग पर पड़ा है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
उत्तराखंड सरकार पर आरोप लगाते हुए धस्माना ने कहा कि बीते नौ वर्षों में गरीबों और श्रमिकों की बस्तियों को निशाना बनाया गया है। उन्होंने मांग की कि किसी भी व्यक्ति को बेघर करने से पहले सरकार को उसके पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसी भी गरीब की झोपड़ी नहीं टूटने दी जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के मेहनतकश लोगों को एकजुट कर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण मजदूर वर्ग के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया है।
कार्यक्रम में श्रम प्रकोष्ठ की मुख्य महासचिव पूनम कंडारी, कांग्रेस नेता विनोद कुमार एडवोकेट, राम गोपाल वर्मा, फरजान अंसारी, आजाद अंसारी, चंद्रपाल, लक्की राणा, बच्चन सिंह नेगी, मनीष गर्ग, कमल किशोर शर्मा, मानसिंह देशराज, विलियम सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।