देहरादून के बालावाला में 2014 में डकैती के दौरान अकरम ने ही की थी अंकित थपलियाल की हत्या

:- पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, लूट और हत्या का मुख्य आरोपी ढेर

: प्रेमनगर में ठेकेदार को गोली मारकर लूट, जवाबी फायरिंग में 50 हजार का इनामी बदमाश मारा गया; थाना प्रभारी घायल

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी ढेर हो गया, जबकि थाना प्रभारी प्रेमनगर गोली लगने से घायल हो गए। मारा गया बदमाश अकरम, वर्ष 2014 के चर्चित बालावाला अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और उस पर उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती सहित एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस के अनुसार 29-30 अप्रैल की रात पौंधा रोड पर ठेकेदारी का काम करने वाले देवराज को कार सवार बदमाशों ने रोककर गोली मार दी और उसके पास से करीब 2 लाख रुपये, मोबाइल व जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाकर बदमाशों का पीछा शुरू किया।

विश्रांति क्षेत्र के जंगल में पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें थाना प्रभारी प्रेमनगर को गोली लग गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश अकरम घायल हो गया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके से पुलिस ने अवैध हथियार, कार और लूटा गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।

जांच में सामने आया कि अकरम वर्ष 2014 में बालावाला में डकैती के दौरान युवक अंकित की हत्या का मुख्य आरोपी था और लंबे समय तक फरार रहने पर उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा वह हाल के वर्षों में भी चोरी और लूट के मामलों में जेल जा चुका था।

पुलिस अब फरार बदमाशों की तलाश में पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचकर घटना की समीक्षा कर चुके हैं और टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *