प्रधानमंत्री मोदी के देहरादून दौरे पर ट्रैफिक प्लान: 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल और आशारोड़ी बैरियर रहेंगे टोल फ्री

:- डीएम सविन बंसल के आदेश—सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक निजी, कमर्शियल और सभी वाहनों का नि:शुल्क आवागमन

देहरादून, 11 अप्रैल 2026। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण और गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में प्रस्तावित प्रधानमंत्री Narendra Modi के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर को जाममुक्त रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर को टोल मुक्त रखने के आदेश जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार 14 अप्रैल को सुबह 5:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक सभी निजी, कमर्शियल और अन्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। इस दौरान फास्टैग से भी किसी प्रकार का टोल शुल्क नहीं काटा जाएगा।

भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए फैसला

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सीमावर्ती क्षेत्रों और पर्वतीय जनपदों से बड़ी संख्या में बसों, निजी वाहनों और अन्य साधनों के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर पर संभावित जाम की स्थिति को रोकने के लिए यह निर्णय लिया है।

डीएम सविन बंसल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है, ताकि शहर में यातायात सुचारु बना रहे और कानून-शांति व्यवस्था पर भी कोई असर न पड़े।

शहर को जाम से मुक्त रखने पर प्रशासन का फोकस

जिला प्रशासन का मानना है कि टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें अक्सर शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव बढ़ाती हैं। ऐसे में टोल को अस्थायी रूप से नि:शुल्क रखने से देहरादून शहर, गढ़ी कैंट और आसपास के मार्गों पर जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *