50 लाख के बिजली तार चोरी कांड का खुलासा, STF ने दो शातिर दबोचे

:- काशीपुर-कुंडा में कई किलोमीटर HC केबल काटने वाला गैंग ध्वस्त, 45 कुंतल तार और दो वाहन बरामद

देहरादून/रुद्रपुर, 10 अप्रैल। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने ऑपरेशन प्रहार के तहत विद्युत तार चोरी और तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गैंग पिछले दो माह से उधमसिंहनगर के काशीपुर, कुंडा, जसपुर और महुआखेड़ा क्षेत्रों में रात के समय कई किलोमीटर तक बिछी HC विद्युत केबल काटकर चोरी कर रहा था।

एसटीएफ की कुमाऊं टीम को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर में ‘गुरमा ट्रेनिंग कंपनी’ नाम से फर्म चलाने वाला व्यक्ति अपने गोदाम में चोरी की भारी मात्रा में विद्युत केबल छिपाकर रखे हुए है। सूचना पर एसटीएफ ने थाना कुंडा और काशीपुर पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान गोदाम से करीब 45 कुंतल विद्युत तार, केबल काटने के उपकरण, 02 वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद तारों की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

रात में स्कॉर्पियो से रैकी, पिकअप में भरकर ले जाते थे चोरी का माल

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आफताब अली और जीशान अपने साथियों के साथ रात में स्कार्पियो से रैकी करते थे। इसके बाद सुनसान स्थानों पर बिछी विद्युत केबल को काटकर पिकअप वाहन में भरकर धर्मपुर स्थित गोदाम तक पहुंचाते थे।

अब तक यह गैंग करीब 10 टन HC केबल चोरी कर चुका है। चोरी की गई केबल को छीलकर उसमें से कॉपर और एल्यूमिनियम वायर निकालकर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बरेली में बेचा जाता था। बिक्री से मिले पैसे को गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

दो राज्यों में फैला था नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि यह गैंग उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश, दोनों राज्यों में सक्रिय था। एसटीएफ ने इस कार्रवाई से गैंग के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी आफताब अली पूर्व में चोरी, डकैती और लूट के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से मिले इनपुट के आधार पर अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

बरामद सामान

45 कुंतल विद्युत तार

बड़ी कैंची – 01

छोटे-बड़े तार कटर – 09

बड़ी हेक्सा ब्लेड – 02

हेक्सा ब्लेड से बने चाकू – 08

नोकदार औजार – 09

पिकअप वाहन संख्या UP25ET 3005

स्कॉर्पियो वाहन संख्या UK18D 4683

क्रॉसर / हाईलाइट्स

➡️ 50 लाख के चोरी के बिजली तार बरामद

➡️ 45 कुंतल तार और दो वाहन STF के कब्जे में

➡️ काशीपुर-कुंडा में कई किलोमीटर केबल काटी गई

➡️ मुरादाबाद और बरेली में बेचे जाते थे कॉपर-एल्यूमिनियम वायर

➡️ मुख्य आरोपी पहले भी चोरी, डकैती और लूट में जा चुका है जेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *