उत्तराखंड दौरे से कांग्रेस में नई जान फूंकेंगी शैलजा, 8 अप्रैल से पांच दिवसीय कार्यक्रम की पूरी तैयारी

: कुमाऊं से गढ़वाल तक संगठन को धार देने की रणनीति, जिला इकाइयों से लेकर युवा व महिला संगठनों तक होंगी अहम बैठकें

कुमारी शैलजा

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने 8 अप्रैल से शुरू हो रहे पार्टी की केंद्रीय प्रभारी कुमारी शैलजा के पांच दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह जानकारी पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने दी।

उन्होंने बताया कि दौरे की सफलता को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल स्वयं सभी जिला अध्यक्षों, प्रमुख नेताओं, विधायकों, पूर्व सांसदों और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। पार्टी नेतृत्व द्वारा जिला इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश और रणनीतिक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है, ताकि दौरे को पूरी तरह सफल बनाया जा सके।

धीरेंद्र प्रताप के अनुसार, अपने इस दौरे में कुमारी शैलजा एक दर्जन से अधिक संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। दौरे के अंतिम दो दिनों 11 और 12 अप्रैल को उनके कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग, पूर्व सैनिक विभाग और अल्पसंख्यक विभाग के विशेष आयोजन शामिल हैं। अंतिम दिन एनएसयूआई द्वारा आयोजित “जय भीम, जय हिंद” कार्यक्रम को भी वह संबोधित करेंगी।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अन्य दलों के नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर पार्टी के भीतर व्यापक चर्चा हुई है। यह चर्चा कांग्रेस की लोकतांत्रिक परंपरा का प्रतीक है, जहां कार्यकर्ताओं और नेताओं को हर मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे भविष्य में अन्य दलों से आने वाले नेताओं के स्वागत और समायोजन के लिए एक सर्वसम्मत एवं स्पष्ट मानक विकसित होगा, जो पार्टी के दीर्घकालिक हितों के लिए लाभकारी साबित होगा।

धीरेंद्र प्रताप ने दावा किया कि कुमारी शैलजा के इस दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। कुमाऊं से गढ़वाल तक प्रस्तावित इस राजनीतिक संवाद यात्रा से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह दौरा आने वाले समय में पार्टी की राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक मजबूती के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *