विकासनगर में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर, बिना सत्यापन 7 महिलाएं मिलने पर दो स्पा सेंटर बंद

: बाहरी राज्यों की महिलाएं बिना वेरिफिकेशन काम करती मिलीं, संचालकों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई

: देहरादून एसएसपी के निर्देश पर चल रहे सत्यापन अभियान में विकासनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्पा संचालकों का चालान कर सेंटर कराए बंद

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 05 अप्रैल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत विकासनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने बाजार क्षेत्र में संचालित दो स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया, जहां बाहरी राज्यों से आई 07 महिलाएं बिना सत्यापन के कार्य करती मिलीं।

पुलिस ने सभी 07 महिलाओं को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर कोतवाली लाया, जहां आवश्यक पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद सभी महिलाओं के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 81 में चालान की कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही बिना सत्यापन महिलाओं को स्पा सेंटर में कार्य पर रखने के मामले में संचालकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 में चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों स्पा सेंटरों को बंद भी करा दिया गया।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों और अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, ढाबा, स्पा सेंटर, फड़-फेरी, अपार्टमेंट और अन्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पूरे जनपद में व्यापक सत्यापन अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

विकासनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना सत्यापन बाहरी व्यक्तियों को काम पर रखने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *