राजपुर मॉर्निंग वॉक मर्डर केस: पुलिस ने 3 और आरोपियों को दबोचा, बार विवाद से शुरू हुई थी खूनी पीछा-फायरिंग

जोहड़ी गांव में मॉर्निंग वॉक के दौरान 74 वर्षीय बुजुर्ग की गोली लगने से हुई थी मौत, अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय बुजुर्ग मुकेश कुमार जोशी की गोली लगने से हुई मौत के मामले में दून पुलिस ने 03 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज घटना कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में बिल को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच कारों से पीछा करने और फायरिंग के दौरान हुई थी।

पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की सुबह कंट्रोल रूम से जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि स्कार्पियो-एन और दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर में सवार दो पक्षों के बीच तेज रफ्तार पीछा और फायरिंग के दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे तुला अपार्टमेंट निवासी 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई। उन्हें तत्काल मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक के साढ़ू भाई राकेश कुमार उप्रेती की तहरीर पर थाना राजपुर में मु0अ0सं0 60/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वर्तमान में मामले की विवेचना धारा 103(1)/3/5/125 BNS और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत की जा रही है।

बार में बिल कम करने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जांच में सामने आया कि फॉर्च्यूनर सवार आरोपी कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में काम करते थे। 29 मार्च 2026 की रात बार में आए स्कार्पियो सवार युवकों शांतनु त्यागी, आदित्य चौधरी, कविश त्यागी और अन्य साथियों के साथ बिल कम करने को लेकर विवाद हुआ था।

अगली सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो वाहनों से पीछा करने के दौरान फायरिंग शुरू हो गई, जिसकी चपेट में मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग आ गए और उनकी मौत हो गई।

पहले 4 आरोपी गए जेल, अब 3 और गिरफ्तार

घटना के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने पहले ही 04 आरोपियों —

रोहित कुमार

मौ. अखलाक उर्फ साबिर

संदीप कुमार

आदित्य चौधरी

को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनके कब्जे से दो देशी तमंचे और चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए थे।

अब पूछताछ और लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 03 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

आदेश गिरी पुत्र ओमप्रकाश गिरी, निवासी शामली, उत्तर प्रदेश

समीर चौधरी पुत्र चरमेंदर सिंह, निवासी मंगलौर, हरिद्वार

मोहित अरोड़ा पुत्र रमेश अरोड़ा, निवासी द्वारका, नई दिल्ली

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *