14 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्रीमद् भागवत सेवा जन कल्याण समिति 2 से 9 अप्रैल तक भव्य कथा महोत्सव आयोजित करेगी। इस बार कथा का केंद्र नारी शक्ति, सामाजिक एकता और नशा मुक्त समाज का संकल्प रहेगा।
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। धर्म के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाला श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव इस वर्ष भी देहरादून में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। श्रीमद् भागवत सेवा जन कल्याण समिति की ओर से पिछले 14 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस कथा का आयोजन 2 अप्रैल से 9 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा।
आयोजन की शुरुआत 2 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद 3 अप्रैल से कथा का विधिवत शुभारंभ होगा। कथा वाचन प्रख्यात कथावाचक आचार्य पवन नंदन जी महाराज द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक किया जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष कथा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति का सम्मान, समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा, सामाजिक समरसता और नशा मुक्त समाज का निर्माण है। आयोजन के माध्यम से जाति-धर्म से ऊपर उठकर सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं की सक्रिय और प्रमुख भागीदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि नारी सशक्तिकरण का संदेश और प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचे।
कथा महोत्सव का समापन 9 अप्रैल को विशाल भंडारे के साथ होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
प्रेस वार्ता में समिति के संरक्षक विनोद राई, अध्यक्ष प्रेम सिंह भंडारी, उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, महामंत्री नवीन जोशी, मालती राई, डी.एस. फर्त्याल, के.एन. लोहानी, बृज किशोर यादव, दीपक गोसाईं और सुनील रावत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।