:- बिना मानचित्र स्वीकृति निर्माण पर कड़ी कार्रवाई, “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अभियान तेज
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 31 मार्च 2026। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मसूरी के प्रमुख क्षेत्र कैमल बैंक रोड पर एक भवन को सील कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राधिकरण को प्राप्त शिकायतों और नियमित निरीक्षण के दौरान यह मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि कैमल बैंक रोड स्थित वेलमाउंट कॉटेज के पास, चाह इन्दारा जुबली के पीछे मकान संख्या 2152 में रेनु सिंह पत्नी हरि सिंह द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कार्य किया जा रहा था। यह निर्माण प्राधिकरण की नियमावली के विपरीत पाया गया।
एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर तत्काल प्रभाव से भवन को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक, संबंधित सुपरवाइजर तथा पुलिस बल भी मौजूद रहा।
प्राधिकरण ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों को भी सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मसूरी जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में अवैध निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे प्राकृतिक संतुलन और सौंदर्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
एमडीडीए ने “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले मानचित्र स्वीकृति और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, अन्यथा सीलिंग और ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई की जाएगी।
“बिना स्वीकृति निर्माण पर सख्त कार्रवाई तय” — बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। मसूरी जैसे संवेदनशील हिल स्टेशन में नियमों की अनदेखी गंभीर विषय है और इस पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
“शिकायत और निरीक्षण के आधार पर हो रही कार्रवाई” — मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि शिकायतों और फील्ड निरीक्षण के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।