“धामी अब धाकड़ ही नहीं, धुरंधर भी बन चुके हैं” : राजनाथ सिंह

बोले रक्षा मंत्री – “उत्तराखण्ड तेजी से देश के अग्रणी राज्यों में बना रहा है पहचान”

“जीरो टॉलरेंस और त्वरित फैसलों से बदली शासन की तस्वीर”

“यूसीसी लागू कर उत्तराखण्ड ने रचा इतिहास”

“पहाड़ की जवानी और पानी का स्थानीय विकास में हो उपयोग”

“मोदी नेतृत्व में राज्य में निवेश, पर्यटन और रोजगार में तेजी” – पुष्कर सिंह धामी

“नकल विरोधी कानून से युवाओं का भविष्य हुआ सुरक्षित”

“सीमांत क्षेत्रों में विकास से रिवर्स पलायन को मिला बढ़ावा”
उत्तराखण्ड के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी में आयोजित जनसभा को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री धामी ने किया संबोधित
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। उत्तराखण्ड के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी में आयोजित जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने धामी सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि “धामी न केवल धाकड़ हैं, बल्कि अब धुरंधर बन चुके हैं।”

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में निवेश, पर्यटन, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।

उत्तराखण्ड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति और स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखण्ड के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देवभूमि आस्था, अध्यात्म और तप की भूमि है, जहां के लोग परिश्रमी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।

उन्होंने धामी सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति की सराहना करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पारदर्शी कार्यशैली और त्वरित निर्णय राज्य को नई दिशा दे रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने यूनिफॉर्म सिविल कोड, नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने और सीमांत गांवों के विकास जैसे फैसलों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जिसने यूसीसी लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, बिजली उत्पादन, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। साथ ही “पहाड़ की जवानी और पानी” का उपयोग स्थानीय विकास में करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में बीते चार वर्षों में निवेश और उद्योग के क्षेत्र में तेजी आई है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के जरिए बड़े निवेश प्रस्ताव मिले हैं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून से युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है, जबकि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। महिलाओं के सशक्तिकरण और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *