5 से ज्यादा वाहनों को मारी टक्कर, 1 व्यक्ति की मौत, 2 गंभीर घायल, मकान में घुसा बेकाबू वाहन, चालक गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
देहरादून, 19 मार्च 2026 : राजधानी देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने कहर बरपा दिया। लापरवाही से वाहन चला रहे चालक ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
क्या हुआ हादसे में?:
शाम करीब 7:30 बजे DL कट के पास इनोवा के चालक गुनीत सिंह (43 वर्ष) ने तेज गति और लापरवाही से पहले एक कार को टक्कर मारी। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर आगे बढ़ा और एक स्कूटी व एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में घायल और मृतक :
राहुल (निवासी अंबेडकर नगर) – गंभीर घायल, पहले वैश्य नर्सिंग होम, बाद में मैक्स हॉस्पिटल रेफर
रोहित फिलिप्स (48 वर्ष) – इलाज के दौरान दून अस्पताल में मौत
अनुज फिलिप्स (22 वर्ष) – गंभीर रूप से घायल, उपचार जारी
यहां भी मचाया तांडव :
तेज रफ्तार इनोवा यहीं नहीं रुकी। चालक ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक और स्कूटी को भी टक्कर मारी। इसके बाद वाहन ओल्ड सर्वे रोड स्थित एक मकान (छाबड़ा निवास) के गेट को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा, जहां खड़ी एक और कार और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस कार्रवाई :
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक गुनीत सिंह को हिरासत में लिया। दुर्घटनाग्रस्त इनोवा को कब्जे में लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।