टायर फटने से मोहब्बेवाला के पास मार्बल से भरा ट्रक पलटा, देहरादून–सहारनपुर हाईवे पर यातायात बाधित

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून ।

देहरादून–सहारनपुर मुख्य हाईवे पर मोहब्बेवाला के पास सोमवार को मार्बल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद दोनों ओर से आने-जाने वाला यातायात बाधित हो गया, जिससे आसपास के मार्गों पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।

पुलिस के अनुसार सहारनपुर की ओर से आ रहा मार्बल से लदा ट्रक मोहब्बेवाला के पास अचानक अनियंत्रित होकर मुख्य हाईवे पर पलट गया। ट्रक के पलटने से देहरादून से सहारनपुर और सहारनपुर से देहरादून की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हो गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दोनों ओर से यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट करना शुरू कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ट्रक को हटाकर यातायात को सुचारू करने का प्रयास कर रही है।

इस बीच एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर यातायात के दबाव को कम करने तथा आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए कुछ समय तक इस मार्ग का प्रयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *