ऋषिकेश के शिवाजी नगर में महिला की गोली मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग बना वजह

एम्स में कार्यरत सहायिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, आरोपी फरार

मोनाल एक्सप्रेस, ऋषिकेश। शिवाजी नगर, गली नंबर–11 में किराये के मकान में रह रही एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान प्रीति रावत के रूप में हुई है, जो एम्स ऋषिकेश में सहायिका के पद पर कार्यरत थी और अकेले किराये पर रहती थी।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत की लिखित तहरीर पर सुरेश गुप्ता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में मु.अ.सं. 49/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

प्रेम संबंध, तलाक और संपत्ति विवाद से जुड़ा मामला

पुलिस की प्रारंभिक विवेचना और स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि प्रीति रावत का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थी, जहां दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने पर सुरेश गुप्ता के पारिवारिक जीवन में तनाव बढ़ गया। विवाद इतना गहरा गया कि करीब चार माह पूर्व सुरेश गुप्ता ने अपनी पत्नी से आपसी सहमति से तलाक ले लिया।

35 लाख की संपत्ति बेचने के बाद भी नहीं सुलझा विवाद

पुलिस के अनुसार, प्रीति और उसके परिजनों की ओर से ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात रखी गई थी। इसके लिए सुरेश गुप्ता ने लक्सर (हरिद्वार) स्थित अपनी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी, लेकिन उक्त धनराशि में ऋषिकेश में उपयुक्त मकान न मिल पाने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ता चला गया।

बताया जा रहा है कि इसी तनाव और मानसिक अवसाद के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। आरोपी सुरेश गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं पर गहन विवेचना की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *