नई टिहरी: उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिले के तहत नरेंद्रनगर विकासखंड में कुंजापुरी मंदिर के पास भारत दर्शन यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भरी एक बस खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में 25 से 30 यात्री सवार थे।
मां कुंजापुरी मंदिर से दर्शन के बाद भारत दर्शन यात्रा की दो बसें वापस लौट रही थीं। इसी दौरान गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से कुछ पहले मंदिर मार्ग पर एक बस के ब्रेक फेल हो गए। नियंत्रण खोने के बाद वाहन करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
अन्य घायलों को खाई से निकालने का कार्य तेजी से चल रहा है। राहत एवं बचाव दल घायलों को सुरक्षित बाहर लाने और अस्पताल पहुंचाने में जुटे हुए हैं।