: प्रतिभा प्रदर्शन में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा, लहित फाउंडेशन के पशुसेवियों को व्यासपीठ से किया सम्मानित
उत्तरकाशी, 06 अगस्त। बाबा काशी विश्वनाथ की दिव्य नगरी उत्तरकाशी में आयोजित श्री शिवमहापुराण कथा 2026 के चतुर्थ दिवस का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व आयोजित प्रतिभा प्रदर्शन में बच्चों ने शंख वादन, श्लोक गायन और भक्ति गायन की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
प्रतिभा प्रदर्शन में ब्राइट एजुकेशन स्कूल के अंशुमान असवाल ने शंख वादन, आदित्य नौटियाल ने श्लोक गायन तथा मयंक पंवार ने भक्ति गायन की प्रस्तुति दी। वहीं, काशी विश्वनाथ गुरुकुलम के यशवर्धन चौहान एवं सृष्टि चौहान ने भी अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
आज की कथा के यजमान श्री जितेन्द्र पंवार एवं उनका परिवार रहा। व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य कथा व्यास डॉ. पंकज सेमवाल ने जनपद उत्तरकाशी में पशु सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लहित फाउंडेशन के अंजलि पंवार, आयुष बिष्ट, आयुष राणा एवं आरती पंवार को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
आदरणीय महंत जयेंद्र पुरी के मार्गदर्शन में अपनी 46वीं आवृत्ति में पहुंची श्री शिवमहापुराण कथा 2026 का आयोजन 02 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, उत्तरकाशी के पंडाल में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक किया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि शिव महापुराण कथा का दैनिक लाइव प्रसारण श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, उत्तरकाशी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब और फेसबुक पर उपलब्ध है। कथा से जुड़े सभी अपडेट्स भी विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नियमित रूप से साझा किए जा रहे हैं।
आज के कार्यक्रम में महंत अजय पुरी, माधव भट्ट, विजय पंवार, विजय पुरी, पूर्णानंद भट्ट, ममराज नेगी, रमेश चौहान, मोहन डबराल, संजय अरोड़ा, जितेंद्र पंवार, गणेश सेमवाल, कुशाल पंवार, गोपाल रावत, अर्चना रतूड़ी, उषा जोशी, शकुंतला गुसाईं, जगदंबा चौहान, अनीश सुजल, सौरव, सिधेश, अंकुश, आरव, आरुष, अंजली पंवार, आरती पंवार, आयुष राणा, आयुष बिष्ट, पृथ्वीराज, मनदीप सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।