:- एसएसपी दून के निर्देश पर रायपुर पुलिस की कार्रवाई, शामली से दबोचे गए सुभाष चंद्र शर्मा और दीपक शर्मा
देहरादून। भूमि धोखाधड़ी के मामले में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे 10-10 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को रायपुर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्तों ने बैंक में बंधक संपत्ति का सौदा कर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। मामले में मुख्य अभियुक्ता उर्मिला शर्मा के साथ उसके पति सुभाष चंद्र शर्मा और पुत्र दीपक शर्मा की संलिप्तता विवेचना के दौरान सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2025 को वादिनी श्रीमती लक्ष्मी अग्रवाल पत्नी श्री पुरुषोत्तम अग्रवाल, निवासी नेसविला रोड, कोतवाली देहरादून ने थाना रायपुर में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उर्मिला शर्मा निवासी अमन विहार, सहस्त्रधारा रोड, रायपुर ने राजपुर क्षेत्र स्थित अपनी भूमि का सौदा 45 लाख रुपये में तय किया था। सौदे के एवज में वादिनी से कुल 40 लाख रुपये प्राप्त करने के बाद उर्मिला शर्मा अचानक गायब हो गई।
संपत्ति के संबंध में जानकारी करने पर पता चला कि उक्त भूमि को पहले से ही बैंक में बंधक रखकर उस पर 18 लाख रुपये का लोन लिया गया था। आरोप है कि बैंक में बंधक संपत्ति को बेचने के नाम पर वादिनी से धोखाधड़ी कर 40 लाख रुपये हड़प लिए गए। शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में मु0अ0सं0 136/25, धारा 420/120बी/34 भादवि के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
विवेचना में पति और पुत्र की संलिप्तता सामने आई
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने त्वरित साक्ष्य संकलन और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुख्य अभियुक्ता उर्मिला शर्मा के साथ उसके पति सुभाष चंद्र शर्मा तथा पुत्र दीपक शर्मा की संलिप्तता भी प्रकाश में आई। गिरफ्तारी से बचने के लिए तीनों अभियुक्त लगातार फरार चल रहे थे।
लगातार फरार रहने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिली शामली में छिपे होने की जानकारी
वर्तमान में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को विभिन्न अभियोगों में वांछित और इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रायपुर पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से अभियुक्तों के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस टीम को दोनों अभियुक्तों के शामली, उत्तर प्रदेश में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर दोनों 10-10 हजार रुपये के इनामी अभियुक्तों सुभाष चंद्र और दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि मामले में नामजद मुख्य अभियुक्ता उर्मिला शर्मा की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है। पुलिस ने उर्मिला शर्मा की मृत्यु से संबंधित दस्तावेज भी अभियुक्तों से प्राप्त किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. सुभाष चंद्र शर्मा पुत्र रोशनलाल शर्मा, निवासी ग्राम नलहेड़ा, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।