महर्षि वाल्मीकि के विचार आज भी प्रासंगिक, वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना कांग्रेस का संकल्प : लालचंद शर्मा

महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलकर ही बनेगा समतामूलक समाज : राजकुमार

पूर्व विधायक राजकुमार ने कांवली रोड और प्रेमनगर के वाल्मीकि मंदिरों में किए दर्शन, प्रदेशवासियों को दी जयंती की शुभकामनाएं

देहरादून। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर राजपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ने कांवली रोड और प्रेमनगर स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए समता, न्याय और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनके द्वारा रचित पवित्र रामायण समाज को समानता, न्याय और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट रखने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। राजकुमार ने प्रदेश की जनता के कल्याण, उनके अधिकारों की रक्षा और सर्वसमाज के उत्थान के लिए कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के विचार वर्तमान समय में और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महर्षि वाल्मीकि के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के दबे-कुचले, शोषित और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत रही है।

लालचंद शर्मा ने कहा कि सामाजिक समानता और न्याय की स्थापना के लिए सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे। महर्षि वाल्मीकि के आदर्श हमें भेदभाव से ऊपर उठकर एक सशक्त, न्यायपूर्ण और एकजुट समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय बेनीवाल, सोमप्रकाश वाल्मीकि, अमीचंद सोनकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *