रस्साकशी प्रतियोगिता और पारंपरिक भैला खेल होंगे मुख्य आकर्षण, 18 नवंबर को टीएचडीसी ग्राउंड में होगा आयोजन
देहरादून। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोककलाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवभूमि युवा संगठन की ओर से 18 नवंबर को देहरादून में इगास महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में सुप्रसिद्ध लोकगायक एवं वैदिक जागर सम्राट मंगलेश डंगवाल की लोकसंगीत प्रस्तुतियां सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही पारंपरिक रस्साकशी प्रतियोगिता और भैला खेल के माध्यम से पहाड़ की लोकपरंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
आयोजन बुधवार, 18 नवंबर को दोपहर एक बजे से रात 10 बजे तक टीएचडीसी ग्राउंड, टिहरी नगर, दून यूनिवर्सिटी रोड, देहरादून में होगा। महोत्सव के तहत उत्तराखंड के पारंपरिक ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में सीमित टीमों को ही पंजीकरण का अवसर दिया जाएगा। वहीं, पारंपरिक भैला खेल के जरिए इगास पर्व की लोकपरंपराओं को जीवंत किया जाएगा।
महोत्सव में पहाड़ी लोकगीतों और संगीत परंपराओं पर आधारित विशेष सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित होगी, जिसमें लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगे।
देवभूमि युवा संगठन का उद्देश्य इगास पर्व की परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही लोकसंस्कृति और पारंपरिक खेलों का संरक्षण करना है। संगठन का मानना है कि ऐसे सामूहिक आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संगठन के अध्यक्ष आशीष नौटियाल ने बताया कि महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने प्रदेशभर के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इगास महोत्सव का हिस्सा बनने और लोकसंस्कृति के इस उत्सव को सफल बनाने की अपील की।
संपर्क: आशीष नौटियाल, अध्यक्ष, देवभूमि युवा संगठन – 9808372656