लूटने के इरादे से दिया धक्का, चली गई जान; सीसीटीवी ने खोला लावारिस शव की मौत का राज

नशे में धुत लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे आरोपी, गैर इरादतन हत्या के मामले में दो गिरफ्तार

सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिला था अज्ञात व्यक्ति का शव, 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस को मिली सफलता

देहरादून, 26 अक्टूबर। पटेलनगर थाना क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शुरुआत में लावारिस शव मिलने का मामला सामने आया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, दो युवकों ने लूटपाट के इरादे से व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसे धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने से आई अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की सुबह कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि सेवला खुर्द स्थित राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पटेलनगर पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखवाकर शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुली मौत की गुत्थी

मृतक की पहचान के प्रयासों के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो व्यक्ति मृतक का पीछा करते दिखाई दिए। इनमें से एक ने मृतक के साथ मारपीट कर उसे सड़क पर धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने के बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए। कुछ देर बाद वे वापस लौटे और जमीन पर पड़े व्यक्ति को हिलाकर देखा। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से घटना का खुलासा होने पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

शराब के ठेकों के आसपास तलाशते थे शिकार

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। साथ ही 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। जांच में मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं। दोनों शराब के ठेकों के आसपास घूमकर अत्यधिक नशे में जाने वाले व्यक्तियों को निशाना बनाते थे। इसके बाद उनका पीछा कर सुनसान स्थान पर पैसे और अन्य सामान छीन लेते थे।

लूटपाट की कोशिश में चली गई जान

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात दोनों आरोपी आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास घूम रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को अत्यधिक नशे की हालत में जाते देखा और उसका पीछा करने लगे।

सेवला खुर्द में सुनसान स्थान मिलने पर आरोपियों ने उससे मारपीट कर पैसे छीनने का प्रयास किया। इस दौरान जोर से धक्का देने पर व्यक्ति सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आरोपी मौके से भाग गए, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटकर उसे देखा। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें व्यक्ति की मौत होने का पता चला तो वे घबराकर फरार हो गए।

आरोपियों का कहना था कि उनका इरादा व्यक्ति को लूटने का था, लेकिन धक्का देने से लगी अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशरफ उर्फ काला (26 वर्ष) पुत्र असगर, निवासी ब्राह्मणवाला, पटेलनगर और सफदर (36 वर्ष) पुत्र अकबर, मूल निवासी जीवनगढ़, विकासनगर के रूप में की है। सफदर वर्तमान में ब्राह्मणवाला, पटेलनगर में किराए पर रह रहा था।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल कैलाश पंवार, बृजमोहन, अरशद और एसओजी के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।

हालांकि, पुलिस ने मौत की गुत्थी सुलझाने और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है, लेकिन मृतक की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *