देहरादून में किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार

: व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर ग्राहकों से होता था संपर्क, बाहरी राज्यों और जिलों से बुलाई जाती थीं महिलाएं, पुलिस ने 3500 रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री की बरामद

देहरादून में देह व्यापार के गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

पटेलनगर की संस्कृति लोक कॉलोनी में पुलिस की छापेमारी, किराये के मकान से संचालित हो रहा था अवैध कारोबार

देहरादून, 23 अक्टूबर। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में किराये के मकान में चल रहे कथित देह व्यापार का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने संस्कृति लोक कॉलोनी में छापेमारी कर इस गतिविधि का संचालन करने वाली महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर पुलिस को 23 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ब्राह्मणवाला स्थित संस्कृति लोक कॉलोनी के एक मकान में किराये का कमरा लेकर देह व्यापार कराया जा रहा है।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर एक स्थित मकान में औचक छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर ग्राहकों से किया जाता था संपर्क

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी अजमीरा ने मकान किराये पर लेकर कथित रूप से देह व्यापार का संचालन शुरू किया था। वह ग्राहकों से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करती थी और व्हाट्सएप पर महिलाओं की तस्वीरें भेजती थी।

पुलिस के मुताबिक, ग्राहकों की मांग के अनुसार आसपास के जिलों और बाहरी राज्यों से महिलाओं को देहरादून बुलाया जाता था। इसके बाद किराये के कमरे में कथित रूप से देह व्यापार कराया जाता था।

चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने मामले में अजमीरा (42 वर्ष), शेख अजीजल (30 वर्ष), रजनी (25 वर्ष) और अन्नू (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

अजमीरा और शेख अजीजल संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला, देहरादून के निवासी हैं। रजनी ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर और अन्नू हरिद्वार जिले के सिडकुल क्षेत्र की निवासी है।

पुलिस ने चारों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, आईएसबीटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा, कांस्टेबल पंकज और महिला कांस्टेबल किरण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *