कांवड़ यात्रा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, चौकियों का लिया जायजा; ‘गौरा टीम’ से प्रेरित छात्राओं ने पुलिस का जताया आभार
मोनाल एक्सप्रेस, नई टिहरी, 5 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने बुधवार को थाना छाम का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना छाम के प्रस्तावित नए भवन के लिए चिन्हित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को भूमि संबंधी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर भवन निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, सीसीटीएनएस कार्य, भोजनालय, अभिलेख, साफ-सफाई तथा ड्यूटी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों और थाना कार्यप्रणाली की जांच करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी कांडीखाल, कमांद और मटियाली का भी निरीक्षण किया। चौकियों की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने थाना परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों, जनसुनवाई और कांवड़ यात्रा ड्यूटी की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण हो तथा आमजन के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार पुलिस की प्राथमिकता रहे।
कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत एसएसपी ने यात्रा मार्ग का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रखने और यातायात व्यवस्था हर समय सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक भावनात्मक पल भी देखने को मिला, जब ‘गौरा टीम’ के जागरूकता अभियान से प्रेरित कई छात्राएं थाना छाम पहुंचीं और महिला पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने कहा कि स्कूलों में “पुलिस दीदी” के आने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और उन्हें महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें शिक्षा, आत्मरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को अध्ययन सामग्री, पुस्तकें और चॉकलेट भी वितरित किए।
भ्रमण के दौरान एसएसपी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। इस मौके पर थानाध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी आदि शामिल रहे।
एसएसपी ने कहा कि टिहरी पुलिस कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित संचालन, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा सामुदायिक पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।