:- भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और भाजपा नेता जोगेंद्र सिंह पुंडीर ने दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, “वृक्ष लगाओ, धरा बचाओ” का दिया संदेश
देहरादून, 16 जुलाई। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर 21 कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर स्थित होटल वी1 प्राइड परिसर में गुरुवार को भव्य वृक्ष वितरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित उत्तराखंड के निर्माण और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण का संदेश देना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार रहे। उनके साथ कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा नेता जोगेंद्र सिंह पुंडीर ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों, कार्यकर्ताओं और युवाओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस मौके पर जोगेंद्र सिंह पुंडीर ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संस्कृति और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने “वृक्ष लगाओ, धरा बचाओ” का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि कुंदन परिहार ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराएं प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण का संदेश देती हैं। हरेला पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वृक्षारोपण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। आयोजन का समापन राष्ट्रहित, समाजहित और प्रकृति संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
कार्यक्रम में सह-संयोजक विनोद पंवार, सूरज भाटिया, विकास शर्मा, राहुल जुयाल, प्रदीप वर्मा, सुप्रिया डोभाल, पूजा दत्ता, अनिता मल्होत्रा, कपिल, निखिल, अजय सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।