:- कार्यकर्ताओं को संगठन सशक्त बनाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में गुरुवार को महिला मोर्चा की नवनियुक्त महानगर प्रभारी डॉ. भावना डोभाल का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल तथा महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. भावना डोभाल ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बूथ स्तर तक पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को पहुंचाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस जनविश्वास को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनानी होगी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि बूथ सशक्तिकरण, सक्रिय सदस्यता अभियान, युवा एवं महिला सहभागिता तथा जनसंपर्क कार्यक्रम संगठन विस्तार के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से देहरादून महानगर को प्रदेश का सबसे मजबूत संगठनात्मक मॉडल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महानगर मंत्री संदीप मुखर्जी, महिला मोर्चा जिला सह प्रभारी जानकी नौटियाल, महिला मोर्चा महामंत्री मोना काला, मीनाक्षी गोदियाल, हेमा परिहार, गिरिजा सेमवाल, सृष्टि ढोंडियाल, सुनीता भट्ट, रेखा उनियाल सहित महिला मोर्चा एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।