पत्रकारों के कल्याण को धामी सरकार का बड़ा कदम, आर्थिक सहायता और पेंशन की संस्तुति

चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख, गंभीर बीमारी से पीड़ित वरिष्ठ पत्रकार को भी पांच लाख की मदद

चार वरिष्ठ पत्रकारों को मिलेगी आठ हजार रुपये मासिक सम्मान पेंशन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पत्रकारों के कल्याण और सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में आयोजित पत्रकार कल्याण कोष एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना की समितियों की बैठक में आर्थिक सहायता और पेंशन से जुड़े प्रस्तावों पर संस्तुति दी गई।

समिति ने चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पत्रकार कल्याण कोष से पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की। इसके अलावा गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए पांच लाख रुपये की सहायता देने की भी संस्तुति की गई।

मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की संस्तुति की गई।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। पात्र पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए नियमित समीक्षा की जा रही है।

बैठक में सूचना विभाग के अधिकारी और पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *