: प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने व्यवस्थाओं का लिया निरीक्षण, युवाओं से 17 जुलाई को देहरादून पहुंचने का किया आह्वान
देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम से एक दिन पहले उत्तराखंड कांग्रेस ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शुक्रवार को बन्नू स्कूल मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी तथा उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की तैयारियों में दिल्ली से पहुंचे राहुल गांधी के विश्वसनीय सहयोगी मनोज त्यागी भी सुबह से ही मैदान में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते और आयोजन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते नजर आए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल तैयारियों से संतुष्ट हैं। उन्होंने राज्यभर के युवाओं से अपील की कि वे 17 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर राहुल गांधी के संबोधन को सुनें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
निरीक्षण के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां कांग्रेस के दोनों राष्ट्रीय सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, हरिद्वार से आए संत ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी सहित अन्य नेताओं के साथ कार्यक्रम की सफलता और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। पार्टी नेताओं ने केक काटकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।