मिशन-2027 के लिए भाजपा मीडिया टीम ने कसी कमर, दो-तिहाई बहुमत का लक्ष्य

:- प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के दिए निर्देश

देहरादून, 15 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मीडिया टीम की बैठक में मिशन-2027 की चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक के साथ पार्टी को दो-तिहाई बहुमत दिलाने के लक्ष्य के अनुरूप मीडिया रणनीति को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

पार्टी मुख्यालय से वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में काम कर रही है। सरकार के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है, लेकिन लक्ष्य केवल जीत की हैट्रिक तक सीमित नहीं है। पार्टी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की दिशा में काम करेगी। इसके लिए सरकार की उपलब्धियों, पार्टी के कार्यक्रमों और संगठन की सक्रियता को प्रभावी ढंग से जनता के बीच पहुंचाने के लिए सभी मीडिया माध्यमों का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएं। इसके लिए मीडिया टीम को बेहतर समन्वय के साथ काम करना होगा, ताकि कार्यक्रमों की जानकारी समय से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और जनता इनका लाभ उठा सके।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रदेश नेतृत्व के समक्ष मीडिया विभाग की आगामी रणनीति प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों और संगठन की गतिविधियों को रियल टाइम बेसिस पर जन-जन तक पहुंचाने के लिए मीडिया विभाग सक्रियता से काम करेगा। उन्होंने मीडिया पदाधिकारियों को पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए।

मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश स्तर की सूचनाएं जिला स्तर तक और जिला स्तर की गतिविधियां प्रदेश एवं राष्ट्रीय मीडिया तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया के सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की प्रभावी और नियमित उपस्थिति बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, विनय गोयल, प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, शादाब शम्स, हनी पाठक, कमलेश रमन, मथुरा दत्त जोशी, संपर्क प्रमुख हरीश चमोली सहित पार्टी के जिला मीडिया संयोजक एवं सह संयोजक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *