आज रात 10 बजे देहरादून में एयर रेड–ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, 30 मिनट रहेगा अंधेरा

घबराएं नहीं, अफवाहों से बचें—सुरक्षा तैयारियों का अभ्यास, चार इलाकों में सायरन के साथ ब्लैकआउट

देहरादून, 24 अप्रैल 2026। राजधानी देहरादून में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों को परखने के लिए आज शुक्रवार रात 10 बजे एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान शहर के चार संवेदनशील क्षेत्रों में करीब 30 मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित हवाई हमले या किसी आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और आपसी समन्वय का आकलन करना है। तय कार्यक्रम के मुताबिक आईएसबीटी, घंटाघर, आराघर और रायपुर स्थित रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स अनुप्रयोग प्रयोगशाला (डीईएएल/डीआरडीओ) क्षेत्र में सायरन बजाकर एयर रेड अलर्ट जारी किया जाएगा, जिसके बाद ब्लैकआउट किया जाएगा।

आपदा प्रबंधन की दृष्टि से कंट्रोल रूम में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर सक्रिय रहेगा, जहां मोबाइल, वायरलेस और दूरसंचार माध्यमों से सभी विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और पुलिस बल मौके पर तैनात रहेंगे।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार ने बताया कि यह मॉक ड्रिल गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार कराई जा रही है, जिसमें जिलाधिकारी कंट्रोलर की भूमिका में रहेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या घबराहट में न आएं, यह केवल एक अभ्यास है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग करने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे अभ्यास न केवल आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाते हैं, बल्कि आम लोगों में जागरूकता भी बढ़ाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *