शपथ ग्रहण अधिवेशन में गूंजा डॉक्टरों का संकल्प, 150 चिकित्सकों का सम्मान

स्वास्थ्य मंत्री ने डीपीसी, सुरक्षा चौकियों और डॉक्टर कॉलोनी के लिए दिया आश्वासन

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 11 अप्रैल। प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ उत्तराखंड के तत्वावधान में शनिवार को देहरादून में भव्य शपथ ग्रहण अधिवेशन आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने-अपने पद एवं दायित्वों की विधिवत शपथ लेकर संगठन को नई दिशा देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल एवं महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सुनीता टम्टा ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि नए पदाधिकारियों पर संगठन को मजबूत बनाने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने चिकित्सकों को आश्वस्त किया कि समयबद्ध डीपीसी, एसडीएसपी में राहत, जिला एवं उप-जिला अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकियां और दूरस्थ क्षेत्रों में डॉक्टर कॉलोनी निर्माण जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीरता से कार्य करेगी।

क्रॉसर: परफॉर्मेंस बेस्ड पोस्टिंग और दुर्गम क्षेत्रों पर फोकस

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिकित्सकों की पोस्टिंग उनकी परफॉर्मेंस के आधार पर की जानी चाहिए। साथ ही सुगम और दुर्गम क्षेत्रों के चयन को राज्य स्तर पर व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं दूरदराज के इलाकों तक बेहतर तरीके से पहुंच सकें।

अधिवेशन में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने वर्चुअल माध्यम से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में प्रदेशभर के सभी जनपदों से आए चिकित्सकों की मौजूदगी में करीब 150 उत्कृष्ट चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉक्टरों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया।

अधिवेशन में डॉ. रमेश कुंवर ने अध्यक्ष और डॉ. यशपाल सिंह तोमर ने महासचिव पद की शपथ ली। अन्य पदाधिकारियों ने भी ईमानदारी, निष्ठा और संगठन की गरिमा बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. यशपाल तोमर ने स्वास्थ्य मंत्री, अतिथियों और प्रदेशभर से आए चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में डॉ. तृप्ति बहुगुणा, डॉ. आर.सी. पंत, डॉ. शिखा जगपांगी, डॉ. रश्मि पंत, डॉ. डी.पी. जोशी, डॉ. बी.सी. रमोला, डॉ. मनोज वर्मा सहित सभी जिलों के सीएमओ, पीएमएस/सीएमएस और बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *