सौराष्ट्र के खिलाफ 5/38 की शानदार गेंदबाजी से बनाया रिकॉर्ड, टी-20 डेब्यू पर फाइव विकेट हॉल लेने वाले छठे भारतीय बने; रेलवे ने 29 रन से दर्ज की जीत
देहरादून। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे के 23 वर्षीय तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने अपने टी-20 डेब्यू को यादगार बनाते हुए इतिहास रच दिया। सौराष्ट्र के खिलाफ अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट चटकाकर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ वह पुरुष टी-20 क्रिकेट में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। यही नहीं, उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही पांच विकेट हासिल करने का कारनामा भी किया।
जमशेद आलम को पहली बार रेलवे की सीनियर टीम की ओर से खेलने का मौका मिला था। उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से भुनाया। सौराष्ट्र की पारी के चौथे ओवर में गेंदबाजी करने आए जमशेद ने तीसरी गेंद पर हार्विक देसाई, चौथी गेंद पर प्रेरक मांकड, पांचवीं गेंद पर रुचित अहीर और छठी गेंद पर सम्मर गज्जर को पवेलियन भेज दिया। इस तरह उन्होंने अपने स्पेल के पहले ही ओवर में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर मुकाबले का रुख बदल दिया।
इससे पहले कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन ने नवंबर 2019 में हरियाणा के खिलाफ और विदर्भ के दर्शन नालकंडे ने नवंबर 2021 में कर्नाटक के खिलाफ लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने का कारनामा किया था। खास बात यह है कि इन दोनों गेंदबाजों ने यह उपलब्धि पारी के 20वें ओवर में हासिल की थी, जबकि जमशेद ने अपने स्पेल के पहले ही ओवर में यह इतिहास रच दिया।
जमशेद ने अपने चार ओवर के स्पेल में 38 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, वह पुरुषों के टी-20 क्रिकेट में अपने डेब्यू मैच में पांच विकेट लेने वाले छठे भारतीय गेंदबाज भी बन गए हैं। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लीग क्रिकेट से रेलवे की सीनियर टीम तक का सफर
जमशेद आलम इससे पहले यूपी टी-20 लीग में मेरठ मेवरिक्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा वह रेलवे की अंडर-23 टीम के साथ सीके नायडू ट्रॉफी में भी खेल चुके हैं। इस साल की शुरुआत में उन्होंने टी-20 मुंबई लीग में आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस की ओर से भी प्रतिभाग किया था। घरेलू क्रिकेट में मिले इन अनुभवों के बाद रेलवे की सीनियर टीम में मिला मौका उनके करियर के लिए अहम साबित हुआ।
रेलवे ने 29 रन से जीता मुकाबला
मुकाबले में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम जमशेद आलम की धारदार गेंदबाजी के सामने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 153 रन ही बना सकी। इस तरह रेलवे ने मुकाबला 29 रन से अपने नाम किया। रेलवे की जीत में जमशेद आलम की ऐतिहासिक गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई।