होटल की फायर एनओसी के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने वाला अग्निशमन अधिकारी 6 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

:- विजिलेंस की ट्रैप टीम ने कोटद्वार फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को दबोचा, शिकायतकर्ता से होटल की एनओसी जारी करने के एवज में मांगी थी रिश्वत

देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने बुधवार को कोटद्वार फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को 6,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने लैंसडाउन, पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने होटल की फायर एनओसी प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि एनओसी के एवज में फायर स्टेशन कोटद्वार के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी ने उससे 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में प्रकरण ट्रैप कार्रवाई के योग्य पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में अभियोग पंजीकृत कराया गया।

इसके बाद 4 नवंबर 2026 को सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए भूपेश त्यागी (लीडिंग फायरमैन), प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को शिकायतकर्ता से 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यों में रिश्वतखोरी के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *