:- उत्तराखंड में 250 से 300 स्थानों पर होगा ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ का नाट्य मंचन, 21 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
देहरादून, 21 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा, राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के सह संयोजक मुलायम सिंह रावत ने कहा कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड की सभी विधानसभाओं में विशेष नाट्य मंचन किए जाएंगे। राज्यभर में 250 से 300 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं दायित्वधारी शोभाराम प्रजापति और सह संयोजक मुलायम सिंह रावत ने अभियान की जानकारी दी। मुलायम सिंह रावत ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 21 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा में एक विशेष एवं भव्य नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें उनके सार्वजनिक जीवन के विभिन्न प्रसंगों, राष्ट्र सेवा, जनकल्याण और सुशासन से जुड़े पहलुओं को नाटकीय रूप में दर्शाने का प्रयास किया जाएगा।
रावत ने कहा कि कार्यक्रम को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि कुशल कलाकारों के अभिनय और संवादों के माध्यम से सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नाट्य मंचन स्कूल-कॉलेजों, पंचायत भवनों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी किए जाएंगे। भाजपा के अनुसार, इन प्रस्तुतियों के माध्यम से कला और नाट्य के जरिए जनसंवाद स्थापित करने तथा सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी और प्रदेश प्रवक्ता विश्वजीत नेगी भी मौजूद रहे।