प्यार में धोखा खाई बैंक कर्मी ने साथ में नौकरी करने वाले युवक की दी सुपारी, पुलिस मुठभेड़ में शूटर के पैर में लगी गोली, साथी अंधेरे में फरार

:- बड़ोवाला में बैंककर्मी पर फायरिंग का खुलासा; ₹5 लाख में हत्या की सुपारी, बाकी रकम लेने देहरादून आए थे दोनों बदमाश

देहरादून, 11 सितंबर। पटेलनगर क्षेत्र में शुक्रवार को चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान पुत्र ध्रुव नारायण निवासी सोसायटी रोड लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। मौके से फरार बदमाश की पहचान अंकुर पुत्र ब्रह्मपाल निवासी लोको मोहल्ला पीर वाली गली, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंककर्मी सत्यम कुमार पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। इस मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 614/2026, धारा 109(1)/3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बड़ोवाला में फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी किसी अन्य घटना को अंजाम देने के लिए देहरादून आए हैं।

सूचना के आधार पर पटेलनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। गोरखपुर चौक पर पुलिस ने बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों पुलिस को चेकिंग करता देख बाइक तेज गति से प्रेमनगर रोड की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के माध्यम से अन्य थानों को सूचना देते हुए उनका पीछा किया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश चाय बागान की पगडंडी पर मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। पीछा कर रही पुलिस टीम पर उन्होंने फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल अंकित चौहान को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। मौके से पुलिस ने एक देसी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस का सघन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान जारी है।

₹5 लाख में सत्यम को रास्ते से हटाने का सौदा

पुलिस पूछताछ में घायल आरोपी अंकित ने बताया कि वह पहले भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। कुछ समय पूर्व उसकी मुलाकात रानीपुर हरिद्वार निवासी मोहित से हुई थी। मोहित ने उसकी पहचान अपनी दोस्त मालिया रहमान से कराई, जो एक निजी बैंक में नौकरी करती थी।

पुलिस के अनुसार, मालिया ने बताया कि वर्ष 2020 में उज्जीवन बैंक हरिद्वार में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई थी। मालिया का आरोप था कि सत्यम करीब चार-पांच साल तक उसे शादी का झांसा देता रहा और बाद में किसी अन्य लड़की से सगाई कर ली।

पूछताछ में सामने आया कि मोहित और मालिया ने अंकित को सत्यम को रास्ते से हटाने के बदले ₹5 लाख देने की बात कही थी। घटना से पहले मालिया ने उसे एडवांस के तौर पर ₹1 लाख 20 हजार दिए थे, जबकि शेष रकम सत्यम को रास्ते से हटाने के बाद देने की बात कही गई थी। मालिया ने ही अंकित को सत्यम की फोटो उपलब्ध कराई और देहरादून स्थित उज्जीवन बैंक का कार्यालय भी दिखाया था।

बैंक से निकलते ही किया पीछा, बड़ोवाला में मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को अंकित अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा। दोनों शाम के समय उज्जीवन बैंक के बाहर सत्यम के निकलने का इंतजार कर रहे थे। करीब 7:45 बजे सत्यम के बैंक से बाहर निकलने पर दोनों ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया।

शिमला बायपास रोड पर बड़ोवाला के एक सुनसान स्थान पर बदमाशों ने अपनी मोटरसाइकिल सत्यम की स्कूटी के आगे लगाकर उसे रोक लिया और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया और झाड़ियों की ओर भाग गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

घटना के बाद दोनों पुलिस से बचने के लिए पहले दिल्ली और फिर हरियाणा चले गए। पुलिस पूछताछ में अंकित ने बताया कि शुक्रवार को मोहित के कहने पर दोनों बची हुई रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस चेकिंग में घिरने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। वहीं, मुठभेड़ में घायल अंकित चौहान के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *