देहरादून में आपसी विवाद में पाठल से पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार

:- डालनवाला के मोहिनी रोड की घटना; पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पाठल किया बरामद

देहरादून, 27 अगस्त। डालनवाला थाना क्षेत्र के मोहिनी रोड में आपसी कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार पाठल भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आदिलपुर, अयोध्या निवासी 38 वर्षीय रामजी पाल मोहिनी रोड स्थित दीपक भसीन के मकान के सर्वेंट क्वार्टर में अपनी पत्नी सोनू पाल और बच्चों के साथ रहता था। 27 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान रामजी पाल ने आवेश में आकर कमरे के पास रखे धारदार पाठल से पत्नी के गले पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर हथियार को घर के पास झाड़ियों में फेंक दिया। सूचना मिलने पर डालनवाला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सर्वेंट क्वार्टर में महिला का शव पड़ा मिला, जिसके चेहरे और गले पर गहरे चोट के निशान थे। पूछताछ में आरोपी ने मृतका की पहचान अपनी पत्नी सोनू पाल के रूप में की।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली डालनवाला में हत्या का मुकदमा दर्ज कर रामजी पाल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार पाठल भी बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी: रामजी पाल पुत्र छिटाई पाल, निवासी ग्राम आदिलपुर, पोस्ट खंडासा, थाना कुमारगंज, जिला अयोध्या, उत्तर प्रदेश; वर्तमान पता मोहिनी रोड, डालनवाला, देहरादून।

पुलिस टीम: निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत, प्रभारी निरीक्षक डालनवाला; वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुलेन्द्र सिंह रावत; उपनिरीक्षक अश्वनी बलूनी, चौकी प्रभारी आराघर; कांस्टेबल आदित्य राठी, विजय सिंह, रोहित भंडारी एवं महिला कांस्टेबल फाईमा परवीन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *