रक्षाबंधन पर न्याय की राखियां लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं महिलाएं

अंकिता भंडारी को पूर्ण न्याय की मांग, सरकार और CBI जांच की प्रगति पर उठाए सवाल; बैरिकेडिंग पर रोकी गईं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता

देहरादून, 27 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास का रुख किया। महिलाएं अपने साथ ‘न्याय की राखियां’ लेकर पहुंचीं, लेकिन मुख्यमंत्री आवास से पहले पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।

मुख्यमंत्री आवास के बाहर महिलाओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूर्ण न्याय की मांग उठाते हुए सरकार की कथित उदासीनता और सीबीआई जांच की अब तक सामने न आई प्रगति को लेकर सवाल किए। इस दौरान महिलाओं ने गीत के माध्यम से सरकार का ध्यान बेटियों और महिलाओं से जुड़े गंभीर अपराधों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। गीत में अंकिता भंडारी सहित प्रदेश की उन बेटियों और बहनों की पीड़ा को स्वर दिया गया, जो दुष्कर्म, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों का शिकार हुई हैं।

महिलाओं ने कहा कि उनके हाथों में मौजूद राखियां केवल रक्षाबंधन की रस्म नहीं, बल्कि सरकार से न्याय और जवाबदेही की मांग का प्रतीक हैं। उनका कहना था कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों के मामलों में जांच और न्याय की प्रक्रिया समयबद्ध होनी चाहिए।

इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने घरों से तैयार कर लाई गई राखियों के साथ रोली, मौली, धूप-दीप और मिठाई मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। काफी देर तक मुख्यमंत्री के महिलाओं से मिलने का इंतजार किया गया। मुलाकात नहीं होने पर महिलाओं ने प्रशासन के अधिकृत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूर्ण न्याय, CBI जांच की वर्तमान स्थिति और प्रगति स्पष्ट करने तथा कथित VIP से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सामने लाने की मांग की गई। इसके साथ ही प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के साथ दुष्कर्म, हत्या तथा अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने, गंभीर मामलों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में समयबद्ध सुनवाई और महिला एवं बाल अपराधों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी उठाई गई।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि रक्षाबंधन बहनों की रक्षा के संकल्प का पर्व है और इसी संकल्प के साथ महिलाएं मुख्यमंत्री आवास पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया, लेकिन उनकी आवाज को नहीं रोका जा सकता।

रौतेला ने कहा कि महिला कांग्रेस गीत के माध्यम से सरकार को जगाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने अंकिता भंडारी मामले में CBI जांच की प्रगति सार्वजनिक करने और कथित VIP से जुड़े सवालों का निष्पक्ष जांच के आधार पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला कांग्रेस किसी निर्दोष व्यक्ति को कटघरे में खड़ा करने की मांग नहीं कर रही है, बल्कि निष्पक्ष जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों को कानून के अनुरूप सार्वजनिक किए जाने की पक्षधर है।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक महिला कांग्रेस इस मुद्दे को उठाती रहेगी। साथ ही उन्होंने महिला एवं बाल अपराधों के गंभीर मामलों में समयबद्ध जांच, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग दोहराई।

कार्यक्रम में आशा मनोरमा शर्मा, पुष्पा पंवार, चंद्रकला दीपा चौहान, रेखा ढींगरा, अनीता सकलानी, नंदिता गढ़िया, सीमा, विजया, अनुराधा, बबीता, पार्वती, सरस्वती नेगी, पिंकी पवार, विमला थपलियाल, शशि रावत, इंदु डोभाल, मसूरी खांकरियाल, शारदा चमोली और सरोजनी राणा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
::::::::::::::::::::::::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *