लक्सर में जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक का मजाकिया अंदाज में बयान, वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल
हरिद्वार/लक्सर। भाजपा नेता एवं लक्सर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक संजय गुप्ता एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। बृहस्पतिवार को उनका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह जनता को संबोधित करते हुए मजाकिया अंदाज में विवादित टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में संजय गुप्ता कहते सुनाई दे रहे हैं कि उन्होंने लक्सर क्षेत्र की जनता को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया है। इसके बाद वह मजाकिया लहजे में कहते हैं कि स्वच्छ पानी पीने के बावजूद यदि जनता उन्हें वोट नहीं देती है तो उनके पेट फटेंगे और प्लास्टिक के कीड़े पड़ेंगे।
दरअसल, पूर्व विधायक संजय गुप्ता लक्सर क्षेत्र के सुल्तानपुर में अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने यह टिप्पणी की। वीडियो सामने आने के बाद उनका बयान इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
संजय गुप्ता लक्सर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक रह चुके हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में कही गई बात को लेकर इंटरनेट मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। उनके समर्थक इसे मजाकिया अंदाज में कही गई बात बता रहे हैं, जबकि अन्य लोग बयान को लेकर सवाल उठा रहे हैं।