पंजाब में छिपा था ₹1,500 का ईनामी ठग, टिहरी पुलिस ने लुधियाना से दबोचा

:- वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर ₹6.60 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी था फरार, देहरादून में भी दर्ज हैं दो मुकदमे

नई टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर वांछित एवं ईनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना थत्यूड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ₹1,500 के ईनामी एवं वांछित अभियुक्त आदर्शवीर धवन उर्फ राहुल को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर ₹6,60,000 की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहा था।

अभियुक्त के विरुद्ध माननीय न्यायालय नई टिहरी द्वारा NBW (गैर-जमानती वारंट) जारी किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 07 अगस्त 2026 को पंजाब के लुधियाना स्थित लक्ष्य CSC सेंटर, जस्सिया रोड, हैबोवाल से उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया।

वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर हड़पे ₹6.60 लाख

थाना थत्यूड़ में वादी सचवीर सिंह निवासी ग्राम रौंतू की बेली, थाना थत्यूड़ ने अभियुक्त आदर्शवीर धवन उर्फ राहुल के खिलाफ वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर ₹6,60,000/- हड़पने के संबंध में अभियोग दर्ज कराया था। मामले में थाना थत्यूड़ पर मु0अ0सं0 06/2026, धारा 318(4), 352 BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत है।

विवेचना के दौरान अभियुक्त की इसी प्रकार की अन्य धोखाधड़ी की घटनाओं में संलिप्तता भी सामने आई। जांच में थाना राजपुर, जनपद देहरादून में भी उसके खिलाफ दो अन्य अभियोग पंजीकृत होना प्रकाश में आया।

पंजाब में बदल रहा था ठिकाने

गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त लगातार अपने ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने उसकी तलाश में लगातार प्रयास किए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने लुधियाना पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त

आदर्शवीर धवन उर्फ राहुल पुत्र जुगल किशोर, निवासी लेन नं0-05, विवेक विहार, नई बस्ती, थाना राजपुर, जनपद देहरादून, उम्र 40 वर्ष।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

उ0नि0 नवल किशोर गुप्ता

हे0का0 171 ना0पु0 चेतन सिंह

हे0का0 145 ना0पु0 कुलदीप कुमार

टिहरी पुलिस के अनुसार वांछित एवं ईनामी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध कर फरार होने वाले अपराधियों के लिए टिहरी पुलिस की पहुंच से दूर कोई ठिकाना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *