:- विधायक उमेश शर्मा काऊ ने किया उद्घाटन, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श व उपचार सेवाएं; एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी जांच, आयुष्मान कार्ड और ABHA ID भी मौके पर बने
देहरादून, 13 जुलाई। सेवा सप्ताह के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) रायपुर में सोमवार से शुरू हुए तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने फीता काटकर किया। 13 से 15 जुलाई तक चलने वाले इस शिविर में क्षेत्रवासियों को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क उपचार, जांच और स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।
उद्घाटन अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निधि रावत, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. इन्दू पाल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मन्जू रावत, फिजिशियन डॉ. प्रवीण पंवार तथा ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक उमेश सिसवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर के पहले दिन कुल 491 मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क उपचार एवं परामर्श दिया गया। इनमें सबसे अधिक 119 महिलाओं ने स्त्री रोग विशेषज्ञ से उपचार प्राप्त किया। वहीं फिजिशियन ने 84, जनरल सर्जन ने 64, अस्थि रोग विशेषज्ञ ने 55, नेत्र विशेषज्ञ ने 41, बाल रोग विशेषज्ञ ने 38, दंत चिकित्सक ने 27 तथा ईएनटी विशेषज्ञ ने 21 मरीजों का उपचार किया।
उपचार के साथ-साथ शिविर में स्वास्थ्य जांच एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का भी व्यापक लाभ लोगों को मिला। गैर संचारी रोग (एनसीडी) की 43 तथा टीबी की 151 स्क्रीनिंग की गई। लैब में 246 पैथोलॉजी जांचें की गईं, जिनमें हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी, लिपिड प्रोफाइल और आरबीएस जैसी महत्वपूर्ण जांचें शामिल रहीं। इसके अलावा 44 एक्स-रे और 40 अल्ट्रासाउंड भी किए गए।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के तहत मौके पर ही 15 ABHA ID और 17 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि 45 लाभार्थियों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी विशेष काउंसलिंग भी प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर 15 जुलाई तक जारी रहेगा। क्षेत्र के नागरिक शिविर में पहुंचकर विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।