एन्जॉय एफसी देहरादून बनी राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट की चैंपियन, फाइनल में मुंडा ब्रदर्स को 3-1 से हराया

:- तिब्बत गुरु दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर आयोजित प्रतियोगिता में 12 टीमों ने लिया भाग, सौरभ नेगी बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

देहरादून, 7 जुलाई। तिब्बत गुरु दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के अवसर पर ढोंडुपलिंग फुटबॉल क्लब, क्लेमनटाउन की ओर से तिब्बत स्कूल फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब एन्जॉय एफसी, देहरादून ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में एन्जॉय एफसी ने मुंडा ब्रदर्स (आर्मी टीम) को 3-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

टूर्नामेंट में प्रदेशभर की 12 टीमों—ढोंडुपलिंग एफसी, मुंडा ब्रदर्स एफसी, गुरुंग एफसी, एमयू एफसी, एन्जॉय एफसी, प्रेरणा एफसी, दून चैलेंजर एफसी, कोको देकलिंग एफसी, पोंटा चेस्लुम एफसी, रोंग एफसी, गोरखा इलेवन एफसी और नई बस्ती एफसी—ने प्रतिभाग किया।

फाइनल मुकाबले का संचालन टूर्नामेंट के चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत ने किया। मैच के तीसरे मिनट में एन्जॉय एफसी के फॉरवर्ड रोहित गुसाईं ने गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 30वें मिनट में मुंडा ब्रदर्स के स्टॉपर संदीप द्वारा गलत खेल पर मिली पेनल्टी को शिवम ने गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया।

दूसरे हाफ की शुरुआत में मुंडा ब्रदर्स को मिली फ्री-किक पर बिट्टू ने 47वें मिनट में गोल कर मुकाबले को 2-1 पर ला दिया। इसके बाद मुंडा ब्रदर्स ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन एन्जॉय एफसी के गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए बढ़त बरकरार रखी। इंजरी टाइम (90+2 मिनट) में सौरभ नेगी ने तीसरा गोल दागकर एन्जॉय एफसी की 3-1 से जीत सुनिश्चित कर दी।

मुख्य अतिथि तिब्बत समाज के गुरु डूंगसे ज्ञाना ता रिंपोचे ने विजेता एन्जॉय एफसी को ₹12,000 की नगद राशि एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता मुंडा ब्रदर्स को ₹7,000 की नगद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की। सौरभ नेगी को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।

टूर्नामेंट के चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में वर्तमान में अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में चल रहे 23वें फीफा वर्ल्ड कप के नए नियमों का पालन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से पहले रेफरियों का एक सप्ताह का कार्यशाला आयोजित कर 35 नए रेफरी तैयार किए गए, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में नए नियमों के अनुरूप मैचों का संचालन किया।

उन्होंने बताया कि फीफा के नए नियमों के तहत खिलाड़ियों की सुरक्षा और खेल को अधिक तेज बनाने के उद्देश्य से इस टूर्नामेंट में गलत खेल पर 10 रेड कार्ड और लगभग 20 येलो कार्ड दिखाए गए। इससे खिलाड़ियों, कोचों और रेफरियों को नए नियमों के अनुरूप खेलने और मैच संचालन का व्यावहारिक अनुभव मिला।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में तामदिन, याशी, ताशी और गोम्पो सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रमुख बिंदु :-
राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट में 12 टीमों ने लिया हिस्सा।

फाइनल में एन्जॉय एफसी ने मुंडा ब्रदर्स (आर्मी टीम) को 3-1 से हराया।

विजेता टीम को ₹12,000 तथा उपविजेता को ₹7,000 की नगद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई।

सौरभ नेगी बने बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट।

टूर्नामेंट में फीफा के नए नियम लागू किए गए।

प्रतियोगिता के दौरान 10 रेड कार्ड और लगभग 20 येलो कार्ड दिखाए गए।

एक सप्ताह की कार्यशाला के बाद 35 नए रेफरियों ने मैचों का संचालन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *