: दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट, मुंडा ब्रदर्स ने पेनल्टी शूटआउट में दर्ज की यादगार जीत
देहरादून। देहरादून के क्लेमेंटटाउन स्थित तिब्बत स्कूल फुटबॉल ग्राउंड में तिब्बत के आध्यात्मिक गुरु परम पावन दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। रोमांच से भरपूर सेमीफाइनल मुकाबलों में मुंडा ब्रदर्स (आर्मी टीम) और एन्जॉय एफसी ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए जोरदार मुकाबला होगा।
देहरादून।ढोंडुपलिंग फुटबॉल क्लब, क्लेमेंटटाउन की ओर से आयोजित इस राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट में प्रदेशभर की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन तिब्बत समाज के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
पहले सेमीफाइनल में रोंग एफसी और मुंडा ब्रदर्स (आर्मी टीम) के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर रहीं। मैच के दौरान रोंग एफसी के एक खिलाड़ी को गलत खेल के कारण रेड कार्ड भी दिखाया गया। अतिरिक्त समय में भी परिणाम नहीं निकलने पर मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा, जहां मुंडा ब्रदर्स ने 11-10 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल किया।
दूसरे सेमीफाइनल में एन्जॉय एफसी ने पोंटा चोसलम एफसी को 3-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
इससे पहले लीग चरण में पोंटा चोसलम एफसी और दून चैलेंजर एफसी के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ, लेकिन बेहतर अंकों के आधार पर पोंटा चोसलम एफसी सेमीफाइनल में पहुंची। वहीं प्रेरणा एफसी ने मसूरी यूनाइटेड एफसी को 3-2 से हराया, हालांकि अंक तालिका के आधार पर दोनों टीमें प्रतियोगिता से बाहर हो गईं और मुंडा ब्रदर्स सेमीफाइनल में पहुंची। रोंग एफसी और नई बस्ती एफसी के बीच मुकाबला भी 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद रोंग एफसी ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
टूर्नामेंट के चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में फीफा के नवीनतम नियमों का पालन कराया जा रहा है। इसके लिए प्रतियोगिता से पहले रेफरियों का एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और खेल की गति बनाए रखने के लिए नए नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। अब तक प्रतियोगिता में लगभग 10 रेड कार्ड और 25 येलो कार्ड दिखाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि मैचों का संचालन राष्ट्रीय रेफरी एवं फीफा रेफरी चर्चिल राणा सहित दोर्जी, हर्षित चौहान, उत्कर्ष, रोशन चंद, अमन जखमोला और विमल सिंह रावत कर रहे हैं।
टूर्नामेंट के आयोजन में तामदिन, याशी, ताशी और गोम्पो सहित अन्य सहयोगी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
फाइनल मुकाबला :-
फाइनल: एन्जॉय एफसी बनाम मुंडा ब्रदर्स (आर्मी टीम)
स्थान: तिब्बत स्कूल फुटबॉल ग्राउंड, क्लेमेंटटाउन, देहरादून
अवसर: परम पावन दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट