:- करीब एक वर्ष से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, जौलीग्रांट अस्पताल में उपचार के दौरान ली अंतिम सांस
देहरादून। वरिष्ठ पत्रकार एवं हिंदुस्तान समाचार पत्र से लंबे समय से जुड़े रहे खुशहाल गिरी गोस्वामी का शनिवार को जौलीग्रांट अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह पिछले करीब एक वर्ष से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
खुशहाल गिरी गोस्वामी अपने पीछे धर्मपत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। दोनों पुत्र वर्तमान में अध्ययनरत हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति दें।
दिवंगत पत्रकार खुशहाल गिरी गोस्वामी उत्तरांचल प्रेस क्लब देहरादून के सदस्य भी थे। वे बेहद मृदुभाषी, व्यवहार कुशल, दयालु और सहयोगी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने दिल्ली, उत्तराखंड सहित देश के कई राज्यों में विभिन्न संस्थानों में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं। पिछले लंबे समय से वे दैनिक समाचार पत्र हिंदुस्तान से जुड़े हुए थे और उन्हें रिपोर्टिंग तथा डेस्क, दोनों क्षेत्रों का व्यापक अनुभव था।
उनके निधन पर देहरादून के पत्रकारों, उत्तरांचल प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिवंगत खुशहाल गिरी गोस्वामी की अंतिम शव यात्रा जौलीग्रांट अस्पताल से हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेगी।
उत्तरांचल प्रेस क्लब ने शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा क्लब दिवंगत पत्रकार के परिवार के साथ खड़ा है तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता है।