यूजेवीएनएल बोर्ड ने 2026-27 के बजट को दी मंजूरी, बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं को मिली रफ्तार

:- आराकोट-त्यूणी, इच्छाड़ी और सौंग पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं पर तेजी से काम करने के निर्देश
:- प्रबंध निदेशक बनने के बाद अजय कुमार सिंह ने पहली बार की बोर्ड बैठक में सहभागिता

देहरादून। राज्य की ऊर्जा उत्पादन क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में यूजेवीएन लिमिटेड की निदेशक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष आनंदवर्धन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। प्रबंध निदेशक के रूप में स्थायी पदभार ग्रहण करने के बाद अजय कुमार सिंह ने पहली बार बोर्ड बैठक में भाग लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष सहित निदेशक मंडल के सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। इसके साथ ही उपनल के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को राज्य सरकार के शासनादेश के अनुरूप “समान कार्य के लिए समान वेतन” का लाभ देने संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से निदेशक मंडल ने 81 मेगावाट क्षमता की आराकोट-त्यूणी जलविद्युत परियोजना तथा 600 मेगावाट क्षमता की इच्छाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना के प्रथम चरण की सभी आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में 300 मेगावाट क्षमता की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के शीयर ज़ोन उपचार से संबंधित अतिरिक्त कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई। इसके अलावा सिंचाई विभाग से हस्तांतरित सौंग पंप्ड स्टोरेज परियोजना की आवश्यक औपचारिक स्वीकृतियां संबंधित विभागों से शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तैनाती के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने मंजूरी प्रदान की।

बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षीसुंदरम, स्वतंत्र निदेशक इंदू कुमार पाण्डे, बी.पी. पांडे और पराग गुप्ता, अपर सचिव वित्त गंगा प्रसाद, निदेशक (परियोजनाएं) सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी, राजीव अग्रवाल, आशीष जैन, जी.एस. बुदियाल तथा यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *