यूजेवीएनएल को मिला स्थायी नेतृत्व, अजय कुमार सिंह ने संभाला प्रबंध निदेशक का कार्यभार

:- ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर उत्तराखंड का विजन, लखवाड़ परियोजना सहित निर्माणाधीन योजनाओं को समयबद्ध पूरा करना होगी प्राथमिकता

देहरादून। उत्तराखंड शासन द्वारा 1 जुलाई 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित चयन प्रक्रिया के उपरांत अजय कुमार सिंह को यूजेवीएन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया। शासन के आदेश के अनुपालन में उन्होंने गुरुवार को विधिवत रूप से प्रबंध निदेशक पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया।

अजय कुमार सिंह इससे पूर्व यूजेवीएन लिमिटेड में प्रभारी प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे तथा वर्तमान में निदेशक (परिचालन) का अतिरिक्त दायित्व भी संभाल रहे हैं। वर्ष 2005 में अधिशासी अभियंता के रूप में निगम से अपने सेवाकाल की शुरुआत करने वाले सिंह ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए 1 जुलाई 2025 को अधिशासी निदेशक का दायित्व संभाला था।

लगभग तीन दशक के तकनीकी एवं प्रबंधकीय अनुभव के दौरान उन्होंने नाथपा-झाकड़ी, कोल डैम, लारजी, मनेरी-भाली द्वितीय तथा व्यासी जैसी महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण, कमिश्निंग, परिचालन एवं अनुरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद अजय कुमार सिंह ने उत्तराखंड सरकार एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन पर जताए गए विश्वास पर पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और परिणामोन्मुख कार्यशैली के माध्यम से खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य यूजेवीएन लिमिटेड को देश के अग्रणी, तकनीकी रूप से सक्षम और वित्तीय रूप से सुदृढ़ ऊर्जा उपक्रमों में स्थापित करना तथा उत्तराखंड को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के राज्य सरकार के विजन को गति देना है।

उन्होंने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना सहित निगम की सभी निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा, गुणवत्ता और लागत मानकों के अनुरूप तेजी से आगे बढ़ाते हुए शीघ्र पूर्ण करना और उन्हें ऊर्जीकृत करना होगा। उनके अनुसार लखवाड़ परियोजना केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर की एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जो जलविद्युत उत्पादन के साथ-साथ सिंचाई और पेयजल उपलब्धता के लिहाज से भी बेहद अहम है। इसके समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुराने जलविद्युत गृहों के पुनरोद्धार, नवीनीकरण और उच्चीकरण (आरएमयू) कार्यों को गति देकर उनकी उत्पादन क्षमता और विश्वसनीयता बढ़ाई जाएगी। साथ ही सौर ऊर्जा परियोजनाओं का विस्तार, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस), भूतापीय ऊर्जा तथा उत्तराखंड में उपलब्ध संभावनाओं को देखते हुए पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं के विकास के लिए चरणबद्ध और समयबद्ध कार्ययोजना पर काम किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में बिजली उत्पादन क्षमता का विस्तार, उत्तराखंड को ऊर्जा अधिशेष (एनर्जी सरप्लस) राज्य बनाना तथा प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

अजय कुमार सिंह ने कहा कि निगम के उपलब्ध मानव संसाधनों की क्षमता का अधिकतम उपयोग, आधुनिक तकनीकों का समावेश, नवाचार, सुशासन, समयबद्ध निर्णय प्रक्रिया और वित्तीय अनुशासन को संगठन की कार्यसंस्कृति का आधार बनाया जाएगा। निगम की वित्तीय स्थिति को और मजबूत करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने, लागत कम करने तथा राजस्व में वृद्धि के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक कार्यसंस्कृति, तकनीकी दक्षता और समर्पण के बल पर यूजेवीएन लिमिटेड ऊर्जा उत्पादन, परियोजना निर्माण तथा स्वच्छ और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और उत्तराखंड को देश के अग्रणी ऊर्जा राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक (परियोजनाएं) सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी, आशीष कुमार जैन, जी.एस. बुदियाल सहित निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अजय कुमार सिंह को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और समृद्ध अनुभव से निगम ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा उत्तराखंड के ऊर्जा विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *