दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारम्भ

:- क्लेमनटाउन में शुरू हुई सप्ताहभर चलने वाली प्रतियोगिता, राज्य की 12 टीमें ले रहीं हिस्सा

देहरादून, 1 जुलाई। ढोंडूपलिंग फुटबॉल क्लब, क्लेमनटाउन देहरादून द्वारा तिब्बत समाज के महान गुरु दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के अवसर पर तिब्बत स्कूल के फुटबॉल ग्राउंड में राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारम्भ किया गया। प्रतियोगिता में राज्यभर की 12 बेहतरीन टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

टूर्नामेंट में ढोंडुपलिंग एफसी, मुंडा ब्रदर्स एफसी, गुरुंग एफसी, एमयू एफसी, एन्जॉय एफसी, प्रेरणा एफसी, दून चैलेंजर एफसी, कोको डेकलिंग एफसी, पोंटा चेस्लुम एफसी, रोंग एफसी, गोरखा इलेवन एफसी तथा नई बस्ती एफसी भाग ले रही हैं।

डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत बने चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर

टूर्नामेंट के लिए डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनके साथ रेफरी दोर्जी, हर्षित चौहान, उत्कर्ष, रोशन चंद, अमन जखमोला, चर्चिल राणा तथा विमल सिंह रावत मैच संचालन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। प्रतियोगिता सप्ताहभर तक चलेगी।

महासचिव लोपसोंग ताशी ने किया उद्घाटन

तिब्बतन कॉलोनी देहरादून के महासचिव लोपसोंग ताशी ने उद्घाटन मैच का शुभारम्भ किया। पहले मुकाबले में ढोंडुपलिंग एफसी का सामना मुंडा ब्रदर्स एफसी से हुआ, जिसमें मुंडा ब्रदर्स एफसी ने 3-0 से जीत दर्ज की।

वहीं दूसरे मुकाबले में दून चैलेंजर एफसी और कोको डेकलिंग एफसी आमने-सामने रहे, जिसमें दून चैलेंजर एफसी ने 1-0 से विजय हासिल की।

विजेता और उपविजेता टीमों को मिलेगा नकद पुरस्कार और ट्रॉफी

टूर्नामेंट के आयोजन में तामदिन, याशी और ताशी सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान है। प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

नए फुटबॉल नियमों के अनुसार हो रहे मुकाबले

मैच कमिश्नर डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि टूर्नामेंट में वर्तमान में लागू फीफा के नए नियमों का पालन किया जा रहा है। इसके लिए पूर्व में रेफरियों की कार्यशाला का आयोजन किया गया था, जिसमें नए रेफरियों को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने बताया कि सभी रेफरी टूर्नामेंट में नए नियमों के अनुरूप मैचों का संचालन कर रहे हैं, जिससे खिलाड़ी, कोच और रेफरी सभी नवीनतम नियमों से अपडेट रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *