15वां समर फुटबॉल कैंप और रेफरी वर्कशॉप संपन्न, 65 खिलाड़ियों और 32 रेफरियों ने लिया हिस्सा
27 वर्षों से खिलाड़ियों, कोच और रेफरियों को तराश रही है डीएफए
देहरादून। देहरादून फुटबॉल एकेडमी (डीएफए) द्वारा आयोजित 15वें समर (ग्रीष्मकालीन) फुटबॉल कैंप एवं रेफरी वर्कशॉप का सफलतापूर्वक समापन हो गया। एक माह तक चले इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 1 जून से 30 जून 2026 तक किया गया।
डीएफए के संस्थापक अध्यक्ष, हेड कोच, पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी एवं अंतरराष्ट्रीय कोच डॉ विरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि संस्था पिछले 15 वर्षों से लगातार समर और विंटर फुटबॉल कैंप का आयोजन कर रही है, जिसमें खिलाड़ियों को ग्रासरूट स्तर पर फुटबॉल की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाता है।
खिलाड़ियों को सिखाई गई फुटबॉल की आधुनिक तकनीकें
कैंप में खिलाड़ियों को स्किल डेवलपमेंट, ड्रिब्लिंग, शूटिंग, जगलिंग, हेड वर्क, चेस्ट वर्क, थ्रो-इन, इनसाइड एवं आउटसाइड फुट तकनीक, गोलकीपर, स्टॉपर, मिडफील्डर और फॉरवर्ड की भूमिका, फिटनेस, अनुशासन, डाइट और टीम भावना के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का संचालन प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक डीएफए ग्राउंड, गूलर घाटी रोड, भागीरथी एन्क्लेव, देहरादून में किया गया। शिविर में 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 65 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कैंप के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अनुभव नेगी, रुद्राक्ष बुटोला, आरोग्य और अंकुर शाह को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
रेफरी वर्कशॉप में फीफा के नए नियमों की जानकारी
समर कैंप के साथ-साथ उत्तराखंड के पूर्व, वर्तमान एवं नए फुटबॉल रेफरियों के लिए एक सप्ताह की विशेष रेफरी वर्कशॉप का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों को फीफा लॉ ऑफ द गेम के 17 नियमों के साथ-साथ वर्ष 2026 में लागू नए नियमों की भी जानकारी दी गई।
वर्कशॉप में कुल 32 रेफरियों ने प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हर्षित चौहान, प्रवीण राज सिंह रावत, गोपाल सिंह नेगी, Churchill Rana तथा Bhaskar Tamang को सर्वश्रेष्ठ रेफरी के रूप में सम्मानित किया गया।
मुंबई के बीएनएफसी क्लब से हुआ तीन वर्षों का करार
Dehradun Football Academy ने मुंबई के प्रसिद्ध फुटबॉल क्लब BNFC के साथ तीन वर्षों का करार किया है। इसके तहत डीएफए के 10 वर्ष से ओपन एज वर्ग तक के खिलाड़ी इंडियन यूथ लीग, आई-लीग, अखिल भारतीय टूर्नामेंट, प्रोफेशनल प्रतियोगिताओं तथा विदेशों में आयोजित प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में भाग लेने का अवसर प्राप्त करेंगे।
27 हजार से अधिक खिलाड़ी, कोच और रेफरी तैयार कर चुका है डीएफए
डॉ विरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि संस्था पिछले 27 वर्षों से खिलाड़ियों, कोच और रेफरियों को तैयार कर रही है। अब तक 27 हजार से अधिक खिलाड़ी, कोच और रेफरी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे, फास्ट फूड और मोबाइल की लत से दूर रखकर उन्हें स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करता है।
मुख्य अतिथियों ने वितरित किए प्रमाण पत्र
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विनेश राणा, वरिष्ठ राष्ट्रीय रेफरी हरि चंद तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी विमल सिंह रावत ने प्रतिभागी खिलाड़ियों और रेफरियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया।