मुख्यमंत्री ने छात्रावास की बालिकाओं के साथ सुना प्रधानमंत्री मोदी का 134वां ‘मन की बात’ कार्यक्रम, संवाद कर जाना फीडबैक
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं से संवाद कर कार्यक्रम पर उनके विचार भी जाने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरक कहानियों को सामने लाकर लोगों को समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों से समाज में उल्लेखनीय बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तियों को प्रोत्साहन देने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने तथा देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। साथ ही भारतीय फलों, विशेषकर आम की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास ही बड़े बदलावों का आधार बनते हैं। निष्ठा और समर्पण के साथ किया गया कार्य समाज के लिए प्रेरणा बनता है और सकारात्मक वातावरण का निर्माण करता है।
इस अवसर पर विधायक महंत दलीप सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।