पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी को नम आंखों से अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री धामी ने दिया कंधा

उपराष्ट्रपति, राज्यपाल समेत हजारों लोगों ने दी श्रद्धांजलि, बोले धामी— “खंडूड़ी जी मेरे अभिभावक और प्रेरणास्रोत थे”

देहरादून। देहरादून स्थित वसंत विहार में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन चंद्र खंडूरी को बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान और भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल Lt Gen Gurmit Singh सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए।

मुख्यमंत्री धामी स्वयं खंडूरी जी के आवास पहुंचे और अंतिम यात्रा में शामिल होकर उनके पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान वातावरण भावुक हो उठा और समर्थकों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी जी केवल एक वरिष्ठ नेता नहीं, बल्कि उनके अभिभावक, प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक थे। उन्होंने कहा कि खंडूरी जी का अनुशासन, सादगी, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और कार्यशैली सदैव प्रेरणा देती रहेगी।

धामी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में खंडूरी जी द्वारा दिए गए संस्कार, मार्गदर्शन और आदर्श उनके लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों और समर्थकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

खंडूरी जी के निधन से उत्तराखंड की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है। उनके निधन पर प्रदेशभर में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *