:- श्यामपुर रेंज के सजनपुर बीट में मिला दो वर्षीय नर बाघ का शव, एक वन गुर्जर गिरफ्तार; दूसरे आरोपित की तलाश तेज
:- सर्चिंग अभियान के दौरान जंगल में मिला बाघ का क्षत-विक्षत शव
:- वन्यजीव तस्करी के एंगल से जांच में जुटा वन विभाग
:- एनटीसीए प्रोटोकॉल के तहत कराया गया पोस्टमार्टम
:- फरार आरोपित की तलाश में जंगल और आसपास दबिश जारी
देहरादून। हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के सजनपुर बीट क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वन विभाग की टीम को सर्चिंग अभियान के दौरान करीब दो वर्षीय नर बाघ का शव बरामद हुआ। बाघ की हालत देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए, क्योंकि उसके दोनों पैर काटे गए थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तस्कर बाघ की खाल और दांत निकालकर उन्हें बेचने की साजिश रच रहे थे। सूचना मिलते ही वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक वन गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों में भारी रोष है। अधिकारियों के मुताबिक बाघ के शव का एनटीसीए (राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण) प्रोटोकॉल के तहत पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस घटना के तार किसी बड़े वन्यजीव तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।