“नो व्हीकल डे” की खुद से शुरुआत, ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
देहरादून। आदेश जारी करना आसान होता है, लेकिन खुद उस पर अमल कर उदाहरण पेश करना अलग बात है। उत्तराखंड शासन में अपर सचिव मुख्यमंत्री, सूचना महानिदेशक और एमडीडीए उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे बंशीधर तिवारी ने शनिवार को ऐसा ही संदेश दिया।
बंशीधर तिवारी सहस्त्रधारा रोड स्थित अपने आवास से रिंग रोड स्थित सूचना निदेशालय तक साइकिल से पहुंचे। उनका यह कदम केवल दफ्तर पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जिम्मेदार प्रशासन की मजबूत पहल बनकर सामने आया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊर्जा बचत आह्वान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सूचना विभाग में प्रत्येक शनिवार “नो व्हीकल डे” मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी अभियान की शुरुआत करते हुए सूचना महानिदेशक ने स्वयं साइकिल चलाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित किया।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और साइकिल जैसे विकल्प अपनाने की अपील की। वहीं एमडीडीए में भी उनके नेतृत्व में “तेल बचाओ मुहिम” चलाई जा रही है, जिसके तहत ईंधन बचत, सीमित बिजली उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई कदम उठाए जा रहे हैं।
देहरादून जैसे तेजी से बढ़ते शहर में, जहां ट्रैफिक और प्रदूषण लगातार बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं, वहां एक वरिष्ठ अधिकारी की यह पहल प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ सामाजिक प्रेरणा का संदेश भी दे रही है। बंशीधर तिवारी ने यह साबित किया कि बदलाव की शुरुआत हमेशा खुद से होती है।
हाईलाईट:-
सूचना विभाग में हर शनिवार मनाया जाएगा “नो व्हीकल डे”
सहस्त्रधारा रोड से सूचना निदेशालय तक साइकिल से पहुंचे महानिदेशक
सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और साइकिल अपनाने की अपील