जनता दरबार में बुजुर्ग उत्पीड़न और अतिक्रमण मामलों पर प्रशासन सख्त

:- 201 शिकायतों पर हुई सुनवाई, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

हाईटेंशन लाइन से बच्चों की सुरक्षा पर चिंता, पारिवारिक प्रताड़ना और जमीन कब्जे के मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश

देहरादून, 11 मई। कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां भूमि विवाद, अतिक्रमण, पारिवारिक उत्पीड़न, विद्युत सुरक्षा, आर्थिक सहायता और स्कूल फीस माफी समेत विभिन्न मामलों से जुड़ी 201 शिकायतें दर्ज की गईं। संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में प्रशासन ने अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण किया, जबकि गंभीर मामलों में संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में बुजुर्गों की पीड़ा प्रमुखता से सामने आई। बीमार बुजुर्ग घनश्याम भंडारी ने बेटे पर दुकान और मकान कब्जाने की कोशिश का आरोप लगाया, जबकि कैंसर पीड़ित 80 वर्षीय किस्मत सिंह ने बेटी-दामाद पर धोखाधड़ी से जमीन और मकान हड़पने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। दोनों मामलों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आमवाला निवासी विधवा मुन्नी देवी ने बहू-बेटे पर मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया। प्रशासन ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं गोदम्बरी देवी ने पति द्वारा उत्पीड़न और आधी पेंशन दिलाने की गुहार लगाई।

जनता दरबार में ग्राम खाला क्षेत्र में झुके हाईटेंशन विद्युत खंभों से खतरे का मामला भी उठा। प्रशासन ने विद्युत विभाग और नगर निगम को तत्काल सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। राजकीय प्राथमिक विद्यालय किद्दूवाला के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए यूपीसीएल को शीघ्र कार्रवाई के आदेश दिए गए।

मोहकमपुर स्थित ज्वाल्पा एन्क्लेव में बरसाती नाले की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार से जलभराव की समस्या पर सिंचाई विभाग को समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं भोगपुर निवासी किसान सुरेश चंद्र ने कृषि भूमि कटाव रोकने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई।

ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण के मामले भी जनता दरबार में छाए रहे। ग्राम सोरना और रुद्रपुर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक भूमि पर कब्जे से मार्ग अवरुद्ध होने की शिकायत की। ग्राम माजरी में सिंचाई नहर बंद कर भूमि कब्जाने के मामले में एसडीएम को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

राजकीय इंटर कॉलेज भगद्वारी खाल में पेयजल संकट और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर जल संस्थान और जिला पंचायत राज अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रायपुर निवासी सुभाष चंद्र गुप्ता ने घर में दूषित पेयजल आने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर स्थलीय निरीक्षण के आदेश दिए गए।

प्रेमनगर निवासी रमेश सिंह ने कनेक्शन ट्रांसफर होने के बावजूद 38 हजार रुपये का जल बिल आने की शिकायत की। वहीं झाझरा स्थित अनिकेत गैस एजेंसी पर गैस वितरण में अनियमितता की जांच पूर्ति विभाग को सौंपी गई।

आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में भी कई लोग पहुंचे। फरियादियों ने बेटी की शादी, मकान मरम्मत, बच्चों की पढ़ाई और स्कूल फीस माफी के लिए प्रशासन से मदद मांगी। संबंधित विभागों को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, पशुपालन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रशासन ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *