:- पहली वर्षगांठ पर सीएम ने आइस हॉकी टीम की जर्सी व ‘पे एंड प्ले’ पोर्टल लॉन्च किया
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित हिमाद्रि आइस रिंक के जीर्णोद्धार की प्रथम वर्षगांठ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए इसे देश के लिए गौरव का प्रतीक बताया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड आइस हॉकी टीम की जर्सी और ‘पे एंड प्ले’ पोर्टल का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “हिमाद्रि” देश की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर की आइस रिंक है, जो खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान कर रही है। वर्ष 2011 में स्थापित इस आइस रिंक में साउथ एशियन विंटर गेम्स का आयोजन हुआ था, लेकिन बाद में संचालन और रखरखाव के अभाव में यह बंद हो गई थी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने करीब साढ़े 8 करोड़ रुपये की लागत से इसका जीर्णोद्धार कर पिछले वर्ष इसे पुनः शुरू किया। साथ ही एक मेगावाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित कर हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा दिया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि बीते एक वर्ष में यहां नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप, एशियन ट्रॉफी, राष्ट्रीय आइस हॉकी लीग सहित कई बड़े आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं। वर्तमान में विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी यहां प्रशिक्षण ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भारतीय आइस हॉकी टीम का प्रशिक्षण शिविर भी यहीं आयोजित हुआ और अगस्त माह में भारत ने पहली बार एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी की सफल मेजबानी की, जिसमें 11 देशों के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जल्द ही आठ शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना के लिए ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ लागू किया जाएगा, जिसके तहत हर वर्ष 920 एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। नई खेल नीति के तहत पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था भी लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने खेल मंत्री रेखा आर्य को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों से जुड़ी योजनाओं में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स कॉलेजों में खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, खेल विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
हाईलाइटर :-
एक साल में हिमाद्रि आइस रिंक की बड़ी उपलब्धियां
नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन
एशियन ट्रॉफी की मेजबानी
राष्ट्रीय आइस हॉकी लीग आयोजित
महिला व बालक वर्ग की राष्ट्रीय टीमों के कैंप
11 देशों की भागीदारी वाली अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा
देशभर के खिलाड़ियों के लिए प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र बना